फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण 2 अगस्त से आरंभ


शिमला: मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज कुमार ने आज यहां कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित कार्यक्रम अनुसार प्रदेश के सभी 68 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की लोक सभा और विधानसभा निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रथम जनवरी, 2010 की अर्हता तारीख के आधार पर संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है, जो 2 अगस्त से आरंभ होगा।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केन्द्र/संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एडीएम/एसडीएम)/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, (तहसीलदारों/नायब तहसीलदारों) के कार्यालयों में किया जाएगा। प्रारुप मतदाता सूचियां 2 अगस्त, 2010 से 17 अगस्त, 2010 के मध्य उपरोक्त स्थानों पर निःशुल्क निरीक्षण के लिए तथा विभिन्न प्रकार के दावे और आक्षेप फार्म 6,7,8 व 8 क जो भी समुचित हो, दर्ज करने के लिए उपलब्ध होेंगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को पारदर्शी बनाने के लिए 14 अगस्त, 2010 (शनिवार) को प्रदेश की सभी ग्राम सभाओं की बैठक बुलाई गई है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में बार्ड/मुहल्ला/मतदान केन्द्रों में भी विशेष बैठकें बुलाई जाएंगी। इन बैठकों में उपस्थित नागरिकों के समक्ष मतदाता सूचियों को पढ़ा जाएगा और उनका सत्यापन किया जाएगा। उपस्थित नागरिक उसी समय भी दावे व आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर 7 व 8 अगस्त, 2010 को विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अपने तथा अपने परिवार के व्यस्क सदस्यों के नामों की पुष्टि कर सकते हैं।

Leave a Reply


( Not More than 200 words)

  • Blogroll