जवाहर लाल नेहरु राजकीय अभियान्त्रिकी महाविद्यालय सुन्दरनगर में दो नए कोर्स आरंभ करने को स्वीकृति प्रदान


शिमला: बागवानी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री नरेन्द्र बरागटा ने यहां बताया कि जवाहर लाल नेहरु राजकीय अभियान्त्रिकी सुन्दरनगर में इसी सत्र 2010-2011 से दो नए कोर्स सिविल इंजीनियरिंग तथा इलैक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में 60 छात्र प्रतिकोर्स आरंभ किए जायेंगे। इन कोर्सों को आरम्भ करने की अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने स्वीकृति प्रदान की है। इन व्यवसायों में प्रवेश पूर्व निर्धारत दूसरे एवं अंतिम दौर से होने वाली प्रवेश प्रक्रिया में होगी, जो कि 30 जुलाई, 2010 से 06 अगस्त, 2010 तक चलेगी।
श्री नरेन्द्र बरागटा ने कहा कि सरकार द्वारा चार नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मण्डी जिले के संधोल एवं भदरोता, बिलासपुर जिले के घुमारवीं तथा शिमला जिले के टिक्कर में आरम्भ करने बारे अधिसूचना औपचारिक रूप से जारी कर दी है। इन संस्थानों के लिए विभिन्न श्रेणियों के 63 पदों का सृजन तथा आवश्यक बजट प्रावधान कर दिया गया है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, टिक्कर को इसी सत्र 2010-11 से आरंभ किया जाएगा तथा शेष तीन संस्थान चरणबद्ध तरीके से शुरु किए जाएंगे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर के लिए विभिन्न श्रेणियों के 25 नए पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है तथा विभाग ने इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। उन्होंने कहा कि शिमला जिले के प्रगतिनगर में राज्य अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, जो कि संत लौंगोवाल अभियांत्रिकी एवं प्रोद्योगिकी संस्थान की तर्ज़ पर खोला जाना प्रस्तावित है। इस संस्थान की स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भारत सरकार के उपक्रम ऐजुकेशन सी.आई.एल नई दिल्ली द्वारा तैयार की जा रही है, जो कि अंतिम दौर में है तथा शीघ्र ही प्रदेश सरकार को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस सत्र में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी एवं निजी क्षेत्र में चल रहे विभिन्न अभियांत्रिकी एवं फार्मेसी महाविद्यालयों, बहुतकनीकी एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में लगभग 15000 छात्रों द्वारा प्रवेश लिया जा चुका है तथा दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रगति पर है।
श्री बरागटा ने मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल द्वारा सुन्दरनगर कॉलेज में दो नए कोर्स आरंभ करने के लिए किए गए सार्थक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अधिकारियों का भी इन कोर्सों को आरंभ करने की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को राज्य में ही व्यवसायिक कोेर्सों के प्रवेश का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply


( Not More than 200 words)

  • Blogroll