औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा दवणी: किशन कपूर


शिमला: उद्योग मंत्री श्री किशन कपूर ने आज यहां कहा कि प्रदेश में गत अढ़ाई वर्षों के दौरान औद्योगिक निवेश को व्यापक बढ़ावा दिया गया है जिसके परिणामस्वरूप गत दो वर्षों के दौरान प्रदेश में 12,585 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की 3157 औद्योगिक इकाइयों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें 1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बद्दी के समीप दवणी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए भूमि की खरीद का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य औद्योगिक विकास निगम द्वारा इस औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न इकाइयां स्थापित करने के लिए 68 प्लाट विकसित किए गए, जिनमें से 60 प्लाट इच्छुक निवेशकों को आवंटित किए गए हैं। आवंटित प्लाटों में उद्यमियों द्वारा अपनी इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दवणी क्षेत्र में सरकार द्वारा खरीदी गई भूमि को राज्य औद्योगिक विकास निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है जिस पर प्लाट विकसित कर शीघ्र ही उद्यमियों को आबंटित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 23 प्लाटों के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं जिनमें उद्यमियों द्वारा लौटाए गए 9 प्लाट भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कुछ निवेशकों को आ रही तकनीकी कठिनाइयों के दृष्टिगत उनके प्लाटों को वापस लिया है, जिन्हें अब अन्य इच्छुक निवेशकों को आवंटित किया जा रहा है।
श्री किशन कपूर ने कहा कि निवेशकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार प्लाट आवंटित किए जा रहे हैं ताकि लघु एवं बड़ी इकाइयां स्थापित की जा सकें। दवणी में 23 प्लाटों के लिए आमंत्रित की गई निविदाओं में से 17 प्लाटों का आकार 1000 वर्ग मीटर से लेकर लगभग 15 हजार वर्ग मीटर तक निर्धारित किया गया है उद्यमियों के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई गई है।
श्री किशन कपूर ने कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए उपलब्ध औद्योगिक मित्र वातावरण एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं के दृष्टिगत अनेक बड़े औद्योगिक घराने राज्य में निवेश के लिए आकर्षित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सोलन जिले का बद्दी, बरोटीवाला एवं नालागढ़ क्षेत्र तेजी से औद्योगिक विकास का केंद्र बनकर उभरा है।

Leave a Reply


( Not More than 200 words)

  • Blogroll