पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित


शिमला:मुख्य मंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मीडिया सहित समाज का प्रत्येक वर्ग आज विश्वसनीयता के संकट से जूझ रहा है और समाप्त हो चुके मूल्यों को पुनर्स्थापित कर ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। मुख्य मंत्री आज यहां देव ऋषि नारद जयन्ती के अवसर पर विश्व संवाद केन्द्र शिमला द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
स्वतंत्रता संग्राम में समाचार पत्रों की भूमिका के विषय में बोलते हुए मुख्य मंत्री ने कहा कि पत्रकारिता की ताकत ने ही भारतीय जनमानस में देशभक्ति तथा राष्ट्रीयता की भावना को समाहित किया और इन्हीं भावनाओं ने अन्ततः देश को स्वतंत्र करवाया।
मुख्य मंत्री ने इस अवसर पर मीडिया में व्यवसायीकरण की बढ़ती प्रवृत्ति और व्यक्ति विशेष के विचारों को प्रचारित करने के लिए समाचार पत्रों में स्थान बेचने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि इन नकारात्मक प्रवृत्तियों को न रोका गया तो यह देश और समाज की प्रगति में बाधक सिद्ध होंगे।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि विकासात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने विकासात्मक पत्रकारिता के लिए पुरस्कारों की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दिये जाने वाले पुरस्कार के अन्तर्गत 50 हजार रुपये, राज्य स्तर पर दिए जाने वाले पुरस्कार के तहत 40 हजार रुपये और जिला स्तर पर दिये जाने वाले पुरस्कार के तहत 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से राज्य सरकार ने इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी पुरस्कार स्थापित किया है। राष्ट्रीय टेलिविजन नेटवर्क पर दिखाई जाने वाली सर्वश्रेष्ठ स्टोरी के लिए 40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्य मंत्री ने इस अवसर पर वयोवृद्ध स्वतंत्र पत्रकार श्री पी.एन. शर्मा, अंग्रेजी समाचार पत्र हिन्दुस्तान टाइम्स की ब्यूरो चीफ श्रीमती अर्चना फुल्ल, दूरदर्शन केन्द्र शिमला के ब्यूरो चीफ श्री शिशु शर्मा शांतल, दैनिक भास्कर के पत्रकार श्री मुनीष बनियाल और स्वतंत्र छायाकार श्री अनिल दयाल, को ‘देव ऋषि नारद सम्मान’ प्रदान किया। मुख्य मंत्री ने इस अवसर पर समाचार पत्रों के लिए लिखने वाले कुछ लेखकों को भी सम्मानित किया।
मुख्य मंत्री ने पत्रकारों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए विश्व संवाद केन्द्र की सराहना की।
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय भोपाल के उप कुलपति प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय हित की प्राप्ति, सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों का उन्मूलन और मानवीय मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनमानस की राय को निर्मित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि 80 के दशक में व्यवसायीकरण के साथ पत्रकारिता की दिशा और दशा भी बदली।
प्रो. कुठियाला ने कहा कि मीडिया में वर्तमान में गुणवत्ता की बजाय मात्रा पर ध्यान दिया जा रहा है, जो कि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मीडिया को समाज के हित के लिए मूल्यों का अनुसरण करना चाहिए।
दैनिक ट्रिब्यून समाचार पत्र के पूर्व सहायक संपादक श्री अशोक मलिक ने अध्यक्षीय भाषण दिया।
मुख्य राज्य प्रचारक श्री नरेन्द्र शर्मा ने मुख्य मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि पत्रकारों को सम्मानित करने का यह पहला प्रयास है और इस वर्ष केवल राज्य मुख्यालय पर कार्यरत पत्रकारों को ही इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। अगले वर्ष से प्रदेश के अन्य भागों में कार्यरत पत्रकारों को भी इसके लिए चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सम्मानित करने का उद्देश्य पत्रकारिता के मूल्यों को पुनः स्थापित करना है।
राज्य सभा सांसद श्री बिमला कश्यप, मातृ भूमि के संपादक श्री दयानंद शर्मा, विश्व संवाद केन्द्र के अध्यक्ष श्री कमल सेन, राज्य विद्युत बोर्ड के सचिव डा. एम.पी. सूद, प्रबुद्ध पत्रकार, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला
तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव सम्पन्न
हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग तथा फिल्म महोत्सव निदेशालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इंडियन पैनोरमा फिल्म महोत्सव आज सम्पन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता श्रीमती आशा स्वरूप ने की। उन्होंने इस अवसर पर इस तीन दिवसीय समारोह में भाग लेने वाली फिल्मी हस्तियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
मुख्य सचिव ने इस अवसर पर कहा कि भविष्य में राज्य सरकार इस प्रकार के महोत्सवों को नियमित अंतराल पर आयोजित करेगी ताकि राज्य में सिनेमा को बढ़ावा दिया जा सके और फिल्म प्रेमियों की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव फिल्मी हस्तियों के साथ संवाद स्थापित करने का एक बेहतरीन अवसर सिद्ध हुआ है।
फिल्म महोत्सव निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक श्री एस.एम. खान ने इस अवसर पर इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव ने अपने उद्देश्यों को प्राप्त किया है।
सचिव, सूचना एवं जन सम्पर्क, हिमाचल प्रदेश श्री रामसुभग सिंह ने कहा कि राज्य सरकार इस महोत्सव को वार्षिक आधार पर करवाने के प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फिल्मी हस्तियों को अधोसंरचना उपलब्ध करवाने पर भी विचार करेगी ताकि उन्हें आवश्यक साजो सामान मुम्बई से उठा कर न लाना पड़े।
फिल्म निदेशक सर्वश्री एम.एस. सथ्यू, देबाशीष मेडेकर, अभिषेक पाठक, श्यामल करमाकर, शिवम, प्रख्यात फिल्म कलाकार सुश्री दिव्या दत्ता, श्री राहुल बोस, के.एम.ए. हुसैन और श्री विवेक मोहन ने इस अवसर पर दिखाई गई फिल्मों के बारे में लोगों से विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों फिल्म प्रेमी हैं।
राज्य सरकार और केन्द्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला:
मुख्य मंत्री द्वारा धौलाधार भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने आज जिला सोलन के परवाणू में धौलाधार मित्र मण्डल द्वारा बनाये जाने वाले धौलाधार भवन की आधारशिला रखी।
प्रो. धूमल ने इस अवसर पर कहा कि इस भवन के निर्मित हो जाने पर सांस्कृतिक एवं सम्बन्धित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इस प्रकार के निर्माण राज्य सरकार के प्रयासों को संबल प्रदान कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव बिंदल, विधायक श्री राजीव सैजल और क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply


( Not More than 200 words)

  • Blogroll