आतंकवादी श्री माता वैष्णो देवी को निशाना बनाने की फिराक में त्रिकुटा पहाड़ियों पर गश्त तेज


vaishno-devi-temple
जम्मू:आतंकवादी विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की फिराक में हैं। सीआरपीएफ को हाल ही में मिली इस पुख्ता जानकारी के बाद धार्मिक स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भवन मार्ग पर सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सेंट्रल रिजर्व पुलिस बल ने त्रिकुटा पहाड़ियों पर गश्त तेज करने के साथ एहतियात के तौर पर कई अन्य कदम भी उठाए हैं।
बुधवार को यहां बनतालाब स्थित सीआरपी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीआरपी जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डायरेक्टर जनरल एनके त्रिपाठी ने आशंका जताई कि आतंकी श्री माता वैष्णो देवी में किसी प्रकार कीकार्रवाई को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि यह नहीं कहा जा सकता है कि आतंकी किस तरह की कार्रवाई को अंजाम देना चाहते हैं।
स्पेशल डीजी ने कहा कि गर्मियों में ज्यादा संख्या में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की अच्छी तरह से जांच हो, इसका मामला राज्य पुलिस के समक्ष भी उठाया गया है। पुलिस के डीजीपी से कहा गया है कि वह महिला श्रद्धालुओं की जांच के लिए अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मी जुटाएं।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा संभालने संबंधी प्रश्न के उत्तर में स्पेशल डीजी ने बताया कि जवाहर टनल से आगे राजमार्ग की सुरक्षा का जिम्मा हमारा है, एक माह में जम्मू डिवीजन में भी नेशनल हाईवे 1ए की सुरक्षा सेना सीआरपी को सौंप देगी।
राज्य के मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य के बारे में उन्होंने बताया कि हालात में बहुत अंतर आया है। वर्ष 2007 में राज्य में आतंकवादी हमलों में जहां 163 निर्दोष लोग मारे गए थे, वहीं 2009 में केवल 72 लोग ही मारे गए। गत वर्ष सीआरपी पर आतंकवादी हमलों में भी कमी आई है। इसके अलावा सीआरपी ने 189 संयुक्त अभियानों के दौरान 74 आतंकवादियों को मारा, 123 को पकड़ा व 7 को हथियार डालने के लिए मजबूर किया।
आतंकवाद विरोधी कार्रवाई के दौरान पूरा संयम बरतने का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाते समय मानवाधिकार का उल्लंघन न हो, इसके लिए जवानों को उचित ट्रेनिंग करवाई जा रही है। इस संबंध में गृहमंत्री पी चिदंबरम के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। कश्मीर में तैनात सीआरपी जवानों की ट्रेनिंग जालंधर व चंडीगढ़ में करवाई जा रही है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि राज्य में और सीआरपी की नहीं अपितु सूचना तंत्र को मजबूत बनाने की जरूरत है, इसके लिए सीआरपी ने अब अपना इंटेलीजेंस विंग बनाया है।
इस मौके पर स्पेशल डीजी के साथ सीआरपी जम्मू के आईजी एएस सिद्धू व आईजी जगजीत सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे

Leave a Reply


( Not More than 200 words)